Weather Update Purnia: ऑरेंज अलर्ट जारी, 5 दिन तक नहीं मिलेगी राहत
- PRIYANKA ROY

- Jan 5
- 1 min read

Weather Update Purnia
पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल इलाके में ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। बर्फीली पछुआ हवा और घने कोहरे के कारण तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और ठंड से राहत की संभावना से इनकार किया है।
शनिवार को भी कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही। सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही और सूरज करीब दोपहर 12 बजे के बाद निकला, लेकिन उसकी किरणें भी ठंड से कोई राहत नहीं दे सकीं। सर्द पछुआ हवा के चलते दिनभर कनकनी महसूस की गई।
मौसम केंद्र पूर्णिया के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहने के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा ने ठंड को और बढ़ा दिया है। खासकर सुबह और रात के समय शीतलहर का असर ज्यादा देखा जा रहा है। लोग जरूरी कामों के अलावा घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, पूर्णिया के अधिकारी वीरेंद्र कुमार झा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 48 घंटे तक घना कोहरा, शीतलहर और शीतदिवस की स्थिति बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि अगले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने लोगों से ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की है।

_edited.jpg)





Good