दो महीने के बकाया राशन को लेकर विवाद, PDS डीलर की संदिग्ध मौत; अस्पताल में परिजनों का हंगामा

बिहार के सुपौल में दो महीने के बकाया राशन को लेकर हुआ विवाद एक जनवितरण प्रणाली (PDS) विक्रेता की संदिग्ध मौत तक पहुंच गया। 55 वर्षीय कुशेश्वर पासवान की मौत के बाद अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने विवाद के दौरान हाथापाई का आरोप लगाया है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

राशन मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मामला सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सायत लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या-1 का है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय कुशेश्वर पासवान के रूप में हुई है, जो इलाके में जनवितरण प्रणाली के विक्रेता थे।
मृतक के पुत्र रुपेश पासवान के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे गांव के वार्ड संख्या-2 निवासी हरिशंकर खिरहरी उनके पिता के पास पहुंचे थे। उन्होंने दो महीने का बकाया राशन मांगा। इस पर कुशेश्वर पासवान ने पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर पर्ची लेने के बाद अनाज देने की बात कही।
कहासुनी के बाद बेहोश होकर गिरे PDS विक्रेता

बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान कुशेश्वर पासवान अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
इसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें राघोपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत के बाद अस्पताल में परिजनों का हंगामा
कुशेश्वर पासवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलने पर राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया।
वहीं, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. दीपक गुप्ता के अनुसार, संबंधित व्यक्ति को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। उन्होंने बताया कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और आवश्यक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल कुशेश्वर पासवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं है। क्या विवाद के दौरान हुई कथित हाथापाई के कारण उनकी मौत हुई या अचानक तबीयत बिगड़ने अथवा किसी अन्य वजह से उनकी जान गई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पर टिकी हैं।
दो महीने के बकाया राशन को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत तक कैसे पहुंचा? इस सवाल का जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलने की उम्मीद है।
_edited.jpg)


Comments