top of page

किशनगंज में पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: 1 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ बंगाल के दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, भागने की कोशिश नाकाम

Writer: MOBASSHIR AHMAD
MOBASSHIR AHMAD
1 hour ago
2 min read

किशनगंज एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर ANTF और पहाड़कट्टा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, अब अवैध संपत्ति होगी जब्त


किशनगंज पुलिस की गिरफ्त में 1 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ बंगाल के दो तस्कर
किशनगंज पुलिस की गिरफ्त में 1 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ बंगाल के दो तस्कर

किशनगंज, बिहार | 16 नवंबर 2026: बिहार के सीमांचल क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ किशनगंज पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पहाड़कट्टा थाना पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने घेराबंदी कर 513 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर/स्मैक जैसा) के साथ पश्चिम बंगाल के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।


पुलिस वाहन देख भागने लगे थे तस्कर


पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को 15 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत पनासी हाट के पास दो अंतरराज्यीय तस्कर एक मोटरसाइकिल से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

विशेष टीम ने जब पनासी हाट के पास छापेमारी की, तो काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। विधिवत तलाशी लेने पर रहीम

के पास से 513 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान


पकड़े गए दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रहने वाले हैं:

·         रहीम (25 वर्ष): पिता- अजीजुल हक, ग्राम- मौलानी, थाना- इस्लामपुर, जिला- उत्तर दिनाजपुर (प. बंगाल)।

·         जाकिर हुसैन (27 वर्ष): पिता- संजू, ग्राम- मौलानी, थाना- इस्लामपुर, जिला- उत्तर दिनाजपुर (प. बंगाल)।


बरामदगी और कानूनी कार्रवाई


छापेमारी के दौरान पुलिस ने 513 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा एक काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल, 02 मोबाइल फोन और 510 रुपये नकद जब्त किए हैं। इस संबंध में पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 298/26 (दिनांक 16.11.2026) के तहत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट 1985 की धारा 8(c)/21(c)/25/29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।


अब गिरोह और अवैध संपत्ति पर होगी कार्रवाई



पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इनके पास से बरामद मोबाइल फोन का तकनीकी अनुसंधान कर रही है, ताकि इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (सप्लायर और खरीदार) का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस कांड में शामिल अपराधियों की अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।


1 Comment

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
Guest
1 hour ago
Rated 5 out of 5 stars.

THANKS SP SIR FOR THIS ACTION AND ALSO THANKS SKA FOR SHARING THIS TYPE OF NEWS

Like
bottom of page