जन्मदिन और छठ का खास संयोग: पैतृक गांव लखनपुर में CM सम्राट चौधरी ने परिवार के साथ की छठ पूजा, उदीयमान सूर्य को दिया अर्घ्य

मुंगेर/तारापुर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने जन्मदिन और छठ महापर्व के खास संयोग पर पैतृक गांव में परिवार के साथ छठ पूजा की। मुंगेर जिले के तारापुर स्थित लखनपुर गांव में सोमवार की सुबह मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी, पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी देर रात पटना से सड़क मार्ग के जरिए अपने पैतृक आवास लखनपुर पहुंचे थे। सोमवार की सुबह वह लखनपुर उत्तर टोला स्थित छठ घाट पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक तरीके से भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की।
इस खास मौके पर छठ घाट पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर छठ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मुस्तैद रहे।
जन्मदिन और छठ महापर्व का यह खास संयोग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए यादगार बन गया। परिवार के साथ पारंपरिक तरीके से छठ पूजा में शामिल होकर उन्होंने अपने पैतृक गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ाव भी प्रदर्शित किया।
सीमांचल की आवाज़ | जिद सच कहने की
_edited.jpg)



Comments