top of page

किशनगंज सदर अस्पताल में 5 घंटे तक तड़पता रहा किशोर, इलाज नहीं मिलने पर परिजनों का फूटा गुस्सा; जमकर हुआ हंगामा

Writer: MOBASSHIR AHMAD
MOBASSHIR AHMAD
14 hours ago
2 min read

किशनगंज



अस्पताल वो जगह होती है, जहां मरीज जीवन और बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन अगर वहां भी घंटों इंतजार करना पड़े तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। गुरुवार को किशनगंज सदर अस्पताल में एक 17 वर्षीय किशोर को कथित तौर पर पांच घंटे तक इलाज नहीं मिलने के कारण परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।


सुबह भर्ती होने के बाद 5 घंटे तक नहीं शुरू हुआ इलाज


प्राप्त जानकारी के अनुसार, खगड़ा पासवान टोला निवासी संतोष पासवान के 17 वर्षीय पुत्र सागर कुमार पासवान को गुरुवार सुबह इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि भर्ती किए जाने के बावजूद करीब पांच घंटे तक किसी डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी ने उसका इलाज शुरू नहीं किया। काफी देर तक इंतजार करने और बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो परिजनों का आक्रोश भड़क उठा।


नगर परिषद अध्यक्ष ने दी तालाबंदी और जन आंदोलन की चेतावनी


अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान और जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो अस्पताल में तालाबंदी कर जन आंदोलन किया जाएगा। वहीं, जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद ने जिलाधिकारी से शिकायत कर लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


हंगामे के बाद शुरू हुआ इलाज, जांच का आश्वासन


बढ़ते विरोध और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. मंजर आलम ने मामले को संज्ञान में लिया और तत्काल किशोर का इलाज शुरू कराया। साथ ही उन्होंने परिजनों और जनप्रतिनिधियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।


पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल


यह घटना सिर्फ एक मरीज की नहीं, बल्कि जिले की पूरी सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाती है। सवाल यह है कि आखिर सरकारी अस्पताल में भर्ती एक 17 वर्षीय किशोर को इलाज के लिए पांच घंटे तक इंतजार क्यों करना पड़ा? क्या मरीजों को समय पर उपचार देना अस्पताल प्रबंधन की प्राथमिकता नहीं है, या फिर सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनशीलता धीरे-धीरे दम तोड़ रही है?

Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page