पटना की चर्चित कोचिंग ज्ञान बिंदु के निदेशक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में संदिग्ध मौत
- mdkashif3300
- 1 hour ago
- 2 min read
पटना के मशहूर कोचिंग शिक्षक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में संदिग्ध हालात में मौत, सहरसा में मातम
पटना के बेहद चर्चित और दरोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी कराने वाले प्रसिद्ध कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के निदेशक रोशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रिंस यादव की मौत की खबर मिलते ही उनके पैतृक जिला सहरसा के धमसैना गांव में मातम पसर गया है। इस दुखद समाचार से पूरे गांव में सन्नाटा पसर हुआ है और पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव कुछ दिनों से नेपाल के विराटनगर में रह रहे थे। वहां के एक स्थानीय होटल के कमरे से उनका शव रहस्यमयी परिस्थितियों में बरामद किया गया। परिवार के लोगों को इस घटना की जानकारी सीधे नहीं मिली बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से जब खबर वायरल हुई तो उनके होश उड़ गए। घटना की पुष्टि होते ही रोशन आनंद और परिवार के अन्य सदस्य तुरंत सीमावर्ती शहर जोगबनी के रास्ते नेपाल के विराटनगर के लिए रवाना हो गए।
नेपाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि विराटनगर की स्थानीय पुलिस ने होटल के कर्मचारियों और प्रिंस यादव से जुड़े कुछ संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। होटल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि प्रिंस की मौत से ठीक पहले उनके कमरे में कौन-कौन लोग आए थे। शव का पोस्टमार्टम विराटनगर के स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और समय का सटीक खुलासा हो सकेगा।
इस बीच मृतक के परिजनों ने प्रिंस यादव की मौत को एक सोची-समझी साजिश और हत्या का मामला बताते हुए नेपाल और बिहार पुलिस दोनों से निष्पक्ष तथा गहन जांच की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि पूर्व में बिहार में दर्ज एक पुराने कानूनी मामले के कारण प्रिंस यादव कानूनी पचड़ों से बचने के लिए नेपाल चले गए थे और वहीं रह रहे थे। परिवार का मानना है कि वहां किसी पुरानी दुश्मनी के तहत उनकी जान ली गई है और इस मामले के पीछे किसी साजिश का हाथ हो सकता है।
ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के निदेशक रोशन आनंद के भाई की मौत की खबर पटना के छात्र संगठनों और शैक्षणिक गलियारों में भी तेजी से फैल गई है। रोशन आनंद पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले सबसे लोकप्रिय शिक्षकों में से एक माने जाते हैं। इस वजह से छात्रों और शिक्षकों का एक बड़ा वर्ग भी इस घटना से स्तब्ध है और सोशल मीडिया पर न्याय की मांग कर रहा है। फिलहाल पीड़ित परिवार नेपाल पुलिस की जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है और उन्होंने भारत सरकार से भी इस संवेदनशील मामले में नेपाल प्रशासन के साथ संपर्क साधकर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की है।


_edited.jpg)


Comments