top of page

Cyber Fraud Case: सासाराम में साइबर फ्रॉड से परेशान व्यक्ति ने की आत्महत्या

  • Writer: PRIYANKA ROY
    PRIYANKA ROY
  • Jan 5
  • 2 min read

बिहार के सासाराम से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। साइबर फ्रॉड लोन घोटाले का शिकार होने के बाद एक व्यक्ति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अरुण कुमार सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सासाराम के दरीगांव थाना क्षेत्र के खैरा गांव के निवासी थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार सिंह करपुरवा इलाके में एक छोटी साड़ी की दुकान चलाते थे। व्यवसाय के विस्तार और पूंजी की आवश्यकता को लेकर वह जेनिथ फाइनेंस नामक एक संस्था के संपर्क में आए। आरोप है कि संस्था के लोगों ने उन्हें 25 लाख रुपये का लोन देने का झांसा दिया और इसी क्रम में बंधन बैंक में एक खाता खुलवाया गया

कुछ ही समय बाद अरुण कुमार सिंह को बैंक से फोन आया कि उनके खाते से 42 लाख रुपये की साइबर ठगी हो चुकी है और इसी कारण उनका खाता बंद किया जा रहा है। यह जानकारी मिलते ही अरुण कुमार सिंह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गए।

पीड़ित अरुण सिंह ने सबसे पहले स्थानीय दरीगांव थाना में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन वहां उन्हें बताया गया कि यह मामला साइबर अपराध से जुड़ा है और उन्हें डेहरी स्थित जिला साइबर सेल में शिकायत दर्ज करानी होगी। साइबर सेल पहुंचने पर भी केवल जांच का आश्वासन मिला, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया

हताश होकर अरुण कुमार सिंह ने दो दिन पहले रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार से मिलकर एक लिखित आवेदन भी दिया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन से कोई ठोस सहयोग नहीं मिलने के कारण अरुण कुमार सिंह पूरी तरह निराश हो गए और शाम को घर लौटने के बाद जहर खाकर आत्महत्या कर ली

परिजनों का यह भी कहना है कि साइबर ठगों ने अरुण सिंह से नया मोबाइल फोन खरीदवाया और उसी के माध्यम से साजिश रचकर उनके नाम पर बैंक से लोन निकलवाकर 42 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया।

इस मामले में सासाराम के एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है, हालांकि आत्महत्या के बाद परिजनों की ओर से अब तक कोई औपचारिक आवेदन नहीं दिया गया है।

गौरतलब है कि मृतक अरुण कुमार सिंह अपने पीछे दो बेटियों सहित पूरे परिवार को असहाय स्थिति में छोड़ गए हैं। यह घटना न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि बढ़ते साइबर फ्रॉड और लोन घोटालों की भयावह सच्चाई को भी उजागर करती है।


Cyber Fraud Case

Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page