top of page

Bihar News: पालीगंज में भूमिहीनों का हुंकार, ‘बुलडोज़र राज’ के ख़िलाफ़ भाकपा(माले) का ज़ोरदार आंदोलन

Writer: PRIYANKA ROY
PRIYANKA ROY
Jan 6
1 min read

पालीगंज प्रखंड मुख्यालय पर आज भाकपा(माले) के आह्वान पर भूमिहीन परिवारों के हक़ में ज़ोरदार जनआंदोलन देखने को मिला। हाल ही में अख़बारों में प्रकाशित तथाकथित ‘अतिक्रमण-मुक्त’ गाँवों की सूची ने दशकों से बसे ग़रीब और भूमिहीन परिवारों में भय और अनिश्चितता का माहौल पैदा कर दिया है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और सरकार की नीतियों के ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद की।



आंदोलन को संबोधित करते हुए पालीगंज विधायक संदीप सौरभ ने कहा कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था और पुनर्वास के बुलडोज़र चलाना पूरी तरह अमानवीय है। यह संविधान द्वारा प्रदत्त सम्मानपूर्वक जीवन के अधिकार पर सीधा हमला है। उन्होंने याद दिलाया कि सरकार ने भूमिहीनों को 5-5 डिसिमल ज़मीन देने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक न ज़मीन मिली और न ही कोई ठोस बंदोबस्त किया गया। अब उल्टे ग़रीबों को उजाड़ने की साज़िश की जा रही है, जिसे भाकपा(माले) किसी भी हाल में सफल नहीं होने देगी।




भाकपा(माले) नेता अनवर हुसैन ने सरकार की नीति को ग़रीबों को डराने और बेघर करने की साज़िश बताया और कहा कि पार्टी इस अन्याय के ख़िलाफ़ हर स्तर पर संघर्ष करेगी। वहीं पार्टी नेता आनंद यादव ने कहा कि वर्षों से सरकारी ज़मीन पर बसे भूमिहीन परिवारों को अचानक हटाने की कोशिश सरासर अन्याय है और इसके ख़िलाफ़ आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।



इस आंदोलन में बड़ी संख्या में भूमिहीन परिवार, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में सरकार से इस गरीब-विरोधी नीति को तत्काल वापस लेने और बिना पुनर्वास किसी भी परिवार को न उजाड़ने की माँग की।

Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page