Bihar Purnia Crime News: बिहार में माफिया राज? पूर्णिया में थाना के सामने ही कट्टा लहराकर जान से मारने की दी धमकी
- PRIYANKA ROY

- Jan 6
- 2 min read
Bihar Purnia Crime News:बिहार के पूर्णिया में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न तो पुलिस का खौफ है और न ही कानून का डर। मरंगा थाना से महज चंद कदमों की दूरी पर दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों ने युवा व्यवसायी कुमार लक्ष्य को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी। कट्टा लहराते हुए बदमाश उनकी दुकान में घुस आए और सरेआम धक्का-मुक्की करते हुए उन्हें जबरन घसीट कर ले जाने की कोशिश की। यह पूरी वारदात थाना क्षेत्र में होते हुए भी अपराधियों की दबंगई को साफ तौर पर उजागर करती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों का दुस्साहस इस हद तक था कि वे बार-बार गोली मारने और बेल्ट से पीटने की धमकी देते रहे। दुकान के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जब आसपास के लोग शोर सुनकर मौके पर जुटने लगे तब जाकर अपराधी अपने मंसूबों में नाकाम रहे और धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और स्थानीय व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पीड़ित व्यवसायी कुमार लक्ष्य ने बताया कि उनकी स्टील की दुकान के सामने लंबे समय से अवैध बालू और गिट्टी कारोबार से जुड़े लोग ट्रैक्टर और ट्रक खड़े कर देते थे, जिससे ग्राहकों का रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता था। जब उन्होंने इस अवैध धंधे का विरोध किया और सड़क खाली रखने की बात कही, तो माफिया किस्म के इन लोगों ने उन्हें सबक सिखाने की ठान ली।
इसी रंजिश में आरोपियों ने हथियार के साथ दुकान में घुसकर हमला किया। दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक आरोपी कट्टा लहराते हुए गोली मारने की धमकी दे रहा है, जबकि अन्य लोग कुमार लक्ष्य को पकड़कर धक्का-मुक्की कर रहे हैं और घसीटकर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित ने मरंगा थाना में लिखित एफआईआर दर्ज कराई है। कुमार लक्ष्य का आरोप है कि हमला करने वाले सभी लोग अवैध बालू-गिट्टी माफिया से जुड़े हैं, जो पहले भी धमकियां दे चुके थे। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
मरंगा थाना के बिल्कुल नजदीक इस तरह की घटना ने बिहार के पूर्णिया में कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल यह उठता है कि जब थाना से कुछ ही कदम दूर अपराधी इस तरह हथियार लहराकर वारदात को अंजाम दे सकते हैं, तो आम जनता और छोटे व्यापारियों की सुरक्षा कितनी सुरक्षित है? अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस मामले में कब और कैसी सख्त कार्रवाई करता है।
_edited.jpg)




Comments