Bihar Politics : भूमि एवं जनकल्याण संवाद को लेकर भागलपुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा

Bihar Politics: बिहार के उपमुख्यमंत्री सह भूमि एवं राजस्व सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा भूमि सुधार एवं जन-जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में शामिल होने भागलपुर पहुंचे, जहां उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। शहर के एक होटल में आयोजित अभिनंदन समारोह में एनडीए के कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे और उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा इन दिनों जिलावार जमीन से जुड़े मामलों की समीक्षा कर रहे हैं। भूमि परिमार्जन, म्यूटेशन और वर्षों से लंबित जमीन विवादों को लेकर वे सीधे फीडबैक ले रहे हैं। साथ ही जमीन संबंधी मामलों में अधिकारियों द्वारा की जा रही लापरवाहियों की भी जांच की जा रही है।
भागलपुर के टाउन हॉल में भूमि एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जहां उपमुख्यमंत्री स्वयं आम जनता से संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।
नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान विजय कुमार सिन्हा ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से बातचीत की और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे किसी व्यक्ति या किसी पार्टी के लिए नहीं, बल्कि बिहार की जनता के लिए काम कर रहे हैं। जो भी नियम के विरुद्ध काम करेगा, चाहे वह किसी भी स्तर का अधिकारी क्यों न हो, उस पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समाधान के उद्देश्य से काम करेंगे और अलग-अलग प्रकृति के मामलों की गहराई से जांच की जाएगी। यह नई सरकार की नई पहल है। बिहार की जनता के लिए भूमि का एक-एक इंच बेहद महत्वपूर्ण है और जो लोग इस महत्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं, उन्हें चिन्हित किया जा रहा है।
_edited.jpg)
Comments