top of page

खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में मची भगदड़ जैसी स्थिति, दर्शकों ने तोड़ी दर्जनों कुर्सियां; बीच में रोकना पड़ा शो

Writer: MOBASSHIR AHMAD
MOBASSHIR AHMAD
2 hours ago
2 min read
FILE PHOTO
FILE PHOTO

भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम, हजारों की भीड़ और अपने चहेते कलाकार की एक झलक पाने की दीवानगी... लेकिन देखते ही देखते जश्न का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया। बिहार के नालंदा में खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम के दौरान अचानक भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। भीड़ बेकाबू होने के बाद नाराज दर्शकों ने जमकर हंगामा किया और दर्जनों कुर्सियां तोड़ दीं। हालात बिगड़ते देख आयोजकों को कार्यक्रम बीच में ही रोकना पड़ा।


तिलक समारोह में जुटी हजारों की भीड़


मामला नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सेखली गांव का है। यहां एक तिलक समारोह के अवसर पर भोजपुरी के चर्चित गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव को सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था।


FILE PHOTO
FILE PHOTO

अपने पसंदीदा कलाकार को देखने और उनका लाइव कार्यक्रम सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते भीड़ बढ़ती चली गई और आयोजन स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।


अव्यवस्था के बीच भगदड़ जैसी स्थिति, टूटीं दर्जनों कुर्सियां


आरोप है कि कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ के अनुपात में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इसी अव्यवस्था के बीच अचानक भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दर्शकों में नाराजगी फैल गई। गुस्साए लोगों ने वहां रखी दर्जनों कुर्सियां तोड़ दीं। स्थिति बिगड़ती देख आयोजकों को कुछ देर के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा। इसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।


प्रशासन की अनुमति के बाद भी बिगड़े हालात


इस घटना को लेकर इस्लामपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी। हालांकि, उम्मीद से कहीं अधिक भीड़ जुटने के कारण भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई और कुर्सियां तोड़ी गईं।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


बड़े आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल


नालंदा में खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना ने एक बार फिर बड़े सार्वजनिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना थी, तो क्या उसी हिसाब से बैठने, प्रवेश और सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी? आखिर भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए?



फिलहाल इस घटना के बाद बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस शुरू हो गई है। ऐसे कार्यक्रमों में आयोजकों और प्रशासन की जिम्मेदारी तय करना बेहद जरूरी है, ताकि मनोरंजन का आयोजन किसी बड़े हादसे की वजह न बने।

Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page