top of page

Cold Wave Alert in Bihar: कोहरा और कड़ाके की ठंड का डबल अटैक, अगले 4–5 दिन और चुनौतीपूर्ण

  • Writer: PRIYANKA ROY
    PRIYANKA ROY
  • Jan 4
  • 2 min read

फुलवारी शरीफ | पटना | Cold Wave Alert in Bihar

बिहार में कोहरा और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजधानी पटना से लेकर उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों तक बर्फीली पछुआ हवाओं और घने कोहरे का असर साफ देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि फिलहाल इस ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है और अगले चार से पांच दिन और चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं।


रविवार को पटना समेत कई जिलों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। कुछ इलाकों में थोड़ी देर के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन बादलों की मोटी परत ने जल्द ही उसे ढक लिया। दिनभर 11 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली बर्फीली हवाओं ने ठंड की चुभन और बढ़ा दी।


मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं के कारण बिहार के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, जिससे दिन में भी लोगों को स्वेटर, जैकेट और अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है।


पटना, गया, नालंदा, नवादा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, सहरसा और मधेपुरा समेत कई जिलों में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। ठंडी हवाओं के कारण दिनभर धूप निकलने के बावजूद कोई खास राहत नहीं मिली।


घने कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। सुबह और देर रात दृश्यता बेहद कम रहने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पटना एयरपोर्ट पर भी कोहरे के कारण कुछ उड़ानों के आगमन और प्रस्थान में देरी की सूचना है।


मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले 4 से 5 दिनों तक बिहार में शीत दिवस और घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड का असर और तीखा हो सकता है।


ठंड का असर इतना ज्यादा है कि बाजारों में समय से पहले दुकानें बंद होने लगी हैं और लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दूर-दराज के इलाकों में आवाजाही और कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।


मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंड से बचाव के लिए विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों से कोहरे में फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है।

बिहार में ठंड और कोहरे का यह दौर आम जनजीवन पर भारी पड़ रहा है और फिलहाल इससे राहत मिलने के आसार बेहद कम नजर आ रहे हैं।




Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page