top of page

अररिया: बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने साधा विपक्ष पर निशाना, ट्रेनों पर पथराव को बताया सुनियोजित साजिश

  • mdkashif3300
  • 2 hours ago
  • 2 min read

अररिया: मंत्री दिलीप जायसवाल की प्रेस वार्ता, ट्रेनों पर पथराव के पीछे पटना के बड़े ठेकेदारों की साजिश होने की आशंका

अररिया: मंत्री दिलीप जायसवाल की प्रेस वार्ता, ट्रेनों पर पथराव के पीछे पटना के बड़े ठेकेदारों की साजिश होने की आशंका


बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने रविवार को अररिया जिला मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। केंद्र सरकार के बारह साल बेमिसाल अभियान को लेकर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने राहुल गांधी और विपक्षी दलों की कार्यशैली तथा उनकी नीतियों की कड़ी आलोचना की। मंत्री ने इस दौरान देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की राजनीति पर भी अपने विचार साझा किए।


मंत्री ने अपनी बात रखते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रभाव बढ़ा है लेकिन कुछ विपक्षी ताकतें देश के विकास की गति को रोकने का प्रयास कर रही हैं। विपक्ष के पास जनता के विकास के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है।


हाल ही के दिनों में विभिन्न रूटों पर ट्रेनों पर हुए पथराव की घटनाओं को लेकर दिलीप जायसवाल ने एक बड़ा दावा किया। उन्होंने इसे आम घटना मानने से इनकार करते हुए एक सुनियोजित साजिश करार दिया। मंत्री ने आरोप लगाया कि इस खतरनाक साजिश में पटना में बैठे कुछ रसूखदार ठेकेदारों की भूमिका की गंभीर आशंका है। वे युवाओं को भड़काकर या भाड़े के तत्वों के जरिए ऐसी अराजकता फैला रहे हैं ताकि सरकार को बदनाम किया जा सके।


उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस पूरे मामले की गहन और उच्च स्तरीय जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर दोषियों और साजिश रचने वालों की पहचान की जाएगी। उन्होंने रेल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि साजिश में शामिल पटना के इन ठेकेदारों और उनके सहयोगियों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री दिलीप जायसवाल ने मोदी सरकार की उपलब्धियों की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले बारह वर्षों में देश ने बुनियादी ढांचे सड़क कनेक्टिविटी डिजिटल क्रांति और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। बिहार को भी केंद्र सरकार की ओर से हर क्षेत्र में विशेष प्राथमिकता मिल रही है जिससे राज्य के सीमांचल और अन्य पिछड़े क्षेत्रों में विकास की नई किरण पहुंचे है।



Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page