बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: मधेपुरा के तीन थाना प्रभारियों समेत चार की मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर
Seemanchal Ki Awaz | Bihar News
बेगूसराय: बिहार पुलिस महकमे को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। बेगूसराय जिले में नेशनल हाईवे-31 (NH-31) पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारियों (SHOs) समेत कुल चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना उस वक्त हुई जब सभी पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस मधेपुरा लौट रहे थे।
कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर: प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और उनके चालक ज्योतिष कुमार एक कार में सवार होकर वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे से जाकर जोरदार तरीके से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हादसे में नीरज कुमार, ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और चालक ज्योतिष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल साजन पासवान को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
क्रेन और गैस कटर की मदद से निकाले गए शव: हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि क्षतिग्रस्त कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस प्रशासन को क्रेन और गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकाला जा सका। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दुर्घटना की मुख्य वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की हर पहलू से विस्तृत जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद बिहार पुलिस विभाग के साथ-साथ मधेपुरा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। अपने कर्तव्य का निर्वहन कर घर लौट रहे चार लोगों की असमय मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है।
_edited.jpg)
Comments